पत्रकार की अवैध हिरासत और ‘यातना’ के मामले में एनएचआरसी ने गुजरात के डीजीपी को नोटिस भेजा
पत्रकार की अवैध हिरासत और 'यातना' के मामले में एनएचआरसी ने गुजरात के डीजीपी को नोटिस भेजा
नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बुधवार को कहा कि उसने उन खबरों के संबंध में गुजरात पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी किया है, जिनमें कहा गया है कि पिछले महीने पुलिस अधिकारियों द्वारा एक पत्रकार को कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया था और उसे ‘शारीरिक यातना’ भी दी गई थी।
आयोग ने कहा कि उसने एक मीडिया रिपोर्ट का ‘स्वतः संज्ञान’ लिया है, जिसमें कहा गया है कि 22 मार्च को राजकोट अपराध शाखा द्वारा एक पत्रकार को ‘गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया’ गया था।
एक बयान के अनुसार, पुलिस ने राजकोट सिविल अस्पताल के कर्मचारियों को पीड़ित को भर्ती न करने के लिए ‘धमकी’ देने की कोशिश की।
एनएचआरसी ने कई रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पीड़ित को यह भी धमकी दी गई थी कि उसके खिलाफ ‘झूठे आपराधिक मामले’ दर्ज किए जाएंगे और उसका घर ढहा दिया जाएगा।
आयोग ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट में कही गई बातें सत्य हैं, तो इससे पत्रकार के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला बनता है।
आयोग ने गुजरात के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर जांच की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
भाषा राखी पारुल
पारुल

Facebook


