जम्मू, 27 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक विशेष अदालत ने आतंकवाद के तीन दशक पुराने मामले के सिलसिले में अलगाववादी नेता शब्बीर अहमद शाह की रिमांड अवधि सोमवार को 10 दिन और बढ़ा दी।
अधिकारियों ने बताया कि शाह की 10 दिन की रिमांड अवधि सोमवार को समाप्त हो गई, जिसके बाद उसे जम्मू की विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया, जिसने उसकी हिरासत अवधि 10 दिन और बढ़ा दी।
शाह ने जमानत याचिका दायर की है, जिस पर अगली सुनवाई के दौरान विचार किए जाने की संभावना है।
सुनवाई के दौरान एनआईए ने शाह से और पूछताछ के लिए उसकी हिरासत अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एजेंसी को 10 दिन की अतिरिक्त हिरासत प्रदान कर दी।
एनआईए की श्रीनगर शाखा ने शाह को 17 अप्रैल को दिल्ली से 1996 के उस मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया था, जिसमें एक आतंकवादी के अंतिम संस्कार के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ था।
पटियाला हाउस अदालत ने शाह की ट्रांजिट रिमांड अर्जी को मंजूरी दे दी, जिसके बाद अलगाववादी नेता को अगले दिन जम्मू स्थित एनआईए अदालत में पेश किया गया।
शाह को अन्य मामलों में लगभग सात साल तक जेल में रहने के बाद हाल में जमानत पर रिहा किया गया था।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप