तौहीद के अर्धशतक से बांग्लादेश ने पहले टी20 में न्यूजीलैंड को हराया

Ads

तौहीद के अर्धशतक से बांग्लादेश ने पहले टी20 में न्यूजीलैंड को हराया

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 07:29 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 07:29 PM IST

चटगांव, 27 अप्रैल (एपी) तौहीद हृदय के अर्धशतक की बदौलत बांग्लादेश ने सोमवार को न्यूजीलैंड को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में छह विकेट से हरा दिया।

तौहीद 27 गेंद में 51 रन बनाकर नाबाद रहे जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने परवेज हुसैन (14 गेंद में 28 रन) के साथ 57 रन जोड़ने के बाद शमीम हुसैन (13 गेंद में नाबाद 31) के साथ पांचवें विकेट के लिए 49 रन की नाबाद साझेदारी की जिससे बांग्लादेश ने 18 ओवर में चार विकेट पर 183 रन बनाकर जीत दर्ज की।

न्यूजीलैंड ने इससे पहले छह विकेट पर 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। मेहमान टीम की ओर से डेन क्लीवर और सलामी बल्लेबाज कैटेन क्लार्क ने 51-51 रन बनाए।

न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने बांग्लादेश के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को रोककर रखा जिससे 11वें ओवर में मेजबान टीम का स्कोर तीन विकेट पर 77 था।

तौहीद ने हालांकि इसके बाद समझादरी के साथ आक्रामक पारी खेली जिससे बांग्लादेश ने 12 गेंद शेष रहते जीत दर्ज कर ली।

इससे पहले बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने टॉस जीता और न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज टिम रॉबिन्सन के शून्य पर रन आउट होने के बाद क्लार्क और क्लीवर ने दूसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की।

लेग स्पिनर रिशाद हुसैन (32 रन पर दो विकेट) ने लगातार ओवरों में दोनों जमे हुए बल्लेबाजों को आउट करके न्यूजीलैंड की रन गति को धीमा कर दिया।

शोरिफुल इस्लाम, तंजीम हसन साकिब और पदार्पण करने वाले रिपन मोंडोल की बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों की तिकड़ी शुरुआत में थोड़ी भटकी हुई नजर आई लेकिन फिर उन्होंने लय हासिल कर ली। तंजीम ने बेविन जैकब्स को आउट करके मेहमान टीम को दबाव में डाल दिया।

जोश क्लार्कसन ने 14 गेंद में नाबाद 27 रन बनाकर पारी को गति दी जिससे न्यूजीलैंड चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंच सका।

एपी सुधीर

सुधीर