एनआईए ने आईएसआईएस के नौ सदस्यों, समर्थकों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

एनआईए ने आईएसआईएस के नौ सदस्यों, समर्थकों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया

एनआईए ने आईएसआईएस के नौ सदस्यों, समर्थकों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया
Modified Date: September 18, 2026 / 10:54 pm IST
Published Date: September 18, 2026 10:54 pm IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने आईएसआईएस के नौ सदस्यों और समर्थकों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इन लोगों पर भोले-भाले युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आरोप है।

एनआईए ने एक बयान में कहा कि जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन की गतिविधियों का समर्थन करने के लिए साजिश रची थी और वे मुख्य रूप से इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों के जरिए इस काम को अंजाम दे रहे थे।

बयान के अनुसार, उनका कथित इरादा देश की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता को नुकसान पहुंचाना था।

केंद्रीय एजेंसी ने मोहम्मद रहमतुल्लाह शरीफ, मोहम्मद दानिश, मिर्जा सोहेल बेग, लकी अहमद, जीशान अब्दुल मजीद, मीर आसिफ अली, अब्दुल सलाम, शाहरुख खान और शेख फैज उर रहमान के खिलाफ आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित विशेष अदालत में आरोप-पत्र दाखिल किया है।

बयान के अनुसार, यह आरोपपत्र भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 61(2) के साथ धारा 3(5) और 152 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धाराओं 13(1), 38 और 39 के तहत दाखिल किया गया।

बीएनएस की धाराएं आपराधिक साजिश, साझा इरादा और भारत की संप्रभुता, एकता एवं अखंडता को खतरे में डालने से संबंधित हैं। वहीं, यूएपीए की धाराएं गैरकानूनी गतिविधियों के लिए सजा, आतंकवादी संगठनों की सदस्यता और उन्हें दिए गए समर्थन से संबंधित हैं।

यह मामला 23 मार्च, 2026 को विजयवाड़ा के द्वितीय टाउन पुलिस थाने में दर्ज किया गया था और बाद में इसे एनआईए ने अपने हाथ में ले लिया था।

भाषा

देवेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में