पश्चिम बंगाल में 79 देसी बम बरामद होने के मामले की जांच एनआईए ने संभाली

Ads

पश्चिम बंगाल में 79 देसी बम बरामद होने के मामले की जांच एनआईए ने संभाली

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 12:15 AM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 12:15 AM IST

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल में 79 देसी बम बरामद होने के मामले की जांच रविवार को अपने हाथ में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि एनआईए ने यह कदम केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर उठाया।

एनआईए के प्रवक्ता ने रविवार देर रात जारी बयान में बताया कि गृह मंत्रालय के आदेश का अनुपालन करते हुए आतंकवाद रोधी एजेंसी ने आज एक मामला दर्ज किया, जो मूल रूप से शनिवार को कोलकाता के भांगड़ संभाग के उत्तर काशी पुलिस थाना में दर्ज किया गया था, और जांच शुरू कर दी है।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘यह मामला कोलकाता पुलिस द्वारा बरामद किए गए 79 देसी बम और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों से संबंधित है, जिन्हें एक स्थान पर छिपाकर रखा गया था और इनसे मानव जीवन और संपत्ति को खतरा था।’’

एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले दिन में, निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल पुलिस को देसी बम के अवैध निर्माण में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू करने का निर्देश दिया था।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरण में मतदान कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 152 सीट के लिए 23 अप्रैल को मतदान हो चुका है जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है।

अधिकारी ने बताया कि आयोग ने निर्देश दिया है कि इस तरह के किसी भी विस्फोटक के निर्माण से संबंधित मामलों की एनआईए द्वारा की जाएगी।

निर्वाचन आयोग का यह निर्देश तब आया जब पुलिस ने दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ में एक व्यक्ति के घर से बड़ी संख्या में देसी बम बरामद किए, जो बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का कथित कार्यकर्ता है। यह घटना राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण से कुछ दिन पहले हुई।

अधिकारी ने बताया कि विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर रफीकुल इस्लाम के आवास पर तलाशी के दौरान विस्फोटक बरामद किए गए।

भाषा धीरज देवेंद्र

देवेंद्र