यमुना नदी में प्रदूषण के खिलाफ नौ दिवसीय ‘यमुना यात्रा’ की शुरुआत

Ads

यमुना नदी में प्रदूषण के खिलाफ नौ दिवसीय ‘यमुना यात्रा’ की शुरुआत

  •  
  • Publish Date - October 28, 2023 / 09:44 PM IST,
    Updated On - October 28, 2023 / 09:44 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (भाषा) यमुना नदी में प्रदूषण के मुद्दे की ओर अधिकारियों और लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए शहर के कई संगठनों ने शनिवार को नौ दिवसीय ‘यमुना यात्रा’ शुरू की।

‘यमुना संसद’ के संयोजक रविशंकर तिवारी ने कहा कि यहां आईटीओ के पास छठ घाट से शुरू हुआ यह पैदल मार्च 180 किलोमीटर की दूरी तय करके पांच नवंबर को मथुरा में समाप्त होगा।

भाजपा के पूर्व वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) विचारक के.एन. गोविंदाचार्य ने ‘यमुना यात्रा’ को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि यह नदी के निकट रहने वाले लोगों के बीच प्रदूषण के खतरों और इसके पुराने स्वरूप की बहाली सुनिश्चित करने की तात्कालिकता के बारे में जागरूकता पैदा करेगी।

गोविंदाचार्य ने कहा, ‘‘एक मजबूत सामाजिक और आध्यात्मिक चेतना के बिना, गंगा और यमुना जैसी नदियों का स्वच्छ और निर्बाध स्वरूप संभव नहीं है।’’

यात्रा शुरू करने से पहले प्रतिभागियों ने नदी के स्वच्छ स्वरूप की बहाली के लिए यमुना तट पर हवन किया।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे हिंदू संत दादा गुरु ने कहा कि दिल्ली तभी बचेगी, जब यमुना बचेगी।

भाषा शफीक माधव

माधव

ताजा खबर