कॉजपा के समर्थन में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में नौ लोग हिरासत में

Ads

कॉजपा के समर्थन में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में नौ लोग हिरासत में

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 09:57 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 09:57 PM IST

वडोदरा, 21 जुलाई (भाषा) गुजरात के वडोदरा शहर में मंगलवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व वाले आंदोलन के समर्थन में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में ले लिया।

रावपुरा थाना क्षेत्र में महात्मा गांधी नगर गृह (टाउन हॉल) के पास प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की।

वे कॉजपा के समर्थन में पोस्टर लिए हुए थे और उन्होंने अपने माथे पर काली पट्टियां बांध रखी थीं।

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान एक प्रदर्शनकारी ने चिल्लाते हुए कहा, ‘दिल्ली में पुलिस लाठीचार्ज और आंसू गैस के जरिए छात्रों पर अत्याचार कर रही है।’

वहीं एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘हम कॉजपा का समर्थन करते हैं। अभिभावक होने के नाते, हम सभी को इस विरोध में सड़कों पर उतरना चाहिए।’

पुलिस उपायुक्त (जोन-2) मंजीता वंजारा ने बताया कि नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है क्योंकि उनके पास प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं थी।

‘विद्यार्थी हित रक्षक समिति’ के सदस्य अमित घोटिकर ने कहा, ‘हम सिर्फ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा चाहते हैं। कल दिल्ली में लड़कियों समेत कई छात्रों को पुलिस ने पीटा। उस घटना के बाद, हमने मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर वडोदरा में एक गैर-राजनीतिक आंदोलन शुरू करने का फैसला किया।’

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश