सक्ती (छत्तीसगढ़), 14 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार को एक विद्युत संयंत्र के बॉयलर में हुए विस्फोट के कारण नौ श्रमिकों की मौत हो गई तथा 15 अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि घटना जिले के डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में हुई जहां वेदांता कंपनी के विद्युत संयंत्र में बॉयलर के ट्यूब में विस्फोट हो गया।
ठाकुर ने बताया कि जिस वक्त यह घटना हुई वहां काफी संख्या में श्रमिक काम कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि कम से कम नौ श्रमिकों की मौत हो गई तथा 15 अन्य घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि तीन श्रमिकों की मौत घटनास्थल पर हुई तथा छह अन्य की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और वहां से मजदूरों को बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि घटना में घायल 15 मजदूरों को रायगढ़ के एक अस्पताल भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर है।
ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी। संयंत्र में बड़ी संख्या में पुलिस दल को तैनात किया गया है।
वेदांता विद्युत संयंत्र के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘आज दोपहर को हमारे सिंघीतराई संयंत्र की एक बॉयलर यूनिट में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें यूनिट का संचालन और रखरखाव करने वाले उप-ठेकेदार एनजीएसएल के कर्मचारी शामिल थे। हमारी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रभावित सभी लोगों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता और उपचार मिले।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम घायलों को पूरा सहयोग दे रहे हैं और चिकित्सा टीम तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम घटना का पूरा विवरण जुटाने की प्रक्रिया में हैं, हमारे साझेदार तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस मुश्किल समय में, हमारी संवेदनाएं और गहरी सहानुभूति प्रभावित लोगों के परिवारों के साथ है।’’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह बहुत ही दुखद हादसा है। भगवान मृतकों की आत्मा को शांति दें। दुख की घड़ी में हमारी संवेदना उनके परिवार के साथ है। इस हादसे की जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा संजीव खारी
खारी