मुंबई, 14 अप्रैल (भाषा) सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने आरोप लगाया है कि नासिक के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उस कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां ‘स्वयंभू बाबा’और यौन उत्पीड़न के मामलों में आरोपी अशोक खरात भी मौजूद था।
उन्होंने पुलिस अधिकारी के खिलाफ विभागीय सतर्कता जांच की मांग की।
इसके अलावा कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे ने दावा किया कि जांच में सत्ताधारी दल के कुछ नाम सामने आ सकते हैं और उन्होंने ‘मुठभेड़’ में हत्या की आशंका जताई।
खरात फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न और धोखाधड़ी सहित कई मामलों में जांच जारी है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) धन शोधन के एक कथित पहलू की जांच कर रहा है और आरोपी से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर चुका है।
सोमवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दमानिया ने नासिक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दत्तात्रेय कराले का एक वीडियो और तस्वीर साझा की और उस कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति पर सवाल उठाया जहां खरात भी मौजूद था।
उन्होंने कहा, ‘‘दत्तात्रेय कराले आईजी स्तर के पुलिस अधिकारी हैं, तो उन्होंने ऐसे व्यक्ति के कार्यक्रम में भाग क्यों लिया और भाषण भी क्यों दिया? जब आम लोग यह सब देखते हैं, तो वे उस पर विश्वास क्यों नहीं करेंगे? उनके खिलाफ भी विभागीय सतर्कता जांच होनी चाहिए। उनसे जुड़े 18 फोन कॉल हैं और पुलिस महानिदेशक सदानंद को जवाब मांगना चाहिए।’’
बार-बार कोशिश करने के बावजूद कराले ने फोन कॉल और मैसेज का जवाब नहीं दिया।
इस बीच, खरात से जुड़े घोटाले के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता प्रणिती शिंदे ने “मुठभेड़” की संभावना जताई।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह (खरात) मुठभेड़ में मारा जा सकता है, क्योंकि जांच के दौरान कई नाम सामने आएंगे। इनमें से कुछ महाराष्ट्र की मौजूदा सत्ताधारी पार्टी के सदस्य हो सकते हैं, जिनमें राज्य मंत्री भी शामिल हैं।’’
इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने संयम बरतने का आग्रह किया और आरोप लगाने वालों से जांच में सहयोग करने को कहा।
सोमवार को एक अन्य पोस्ट में दमानिया ने राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर पर कथित फर्जी खातों और हस्ताक्षरों के संबंध में झूठे दावे करने का आरोप लगाया और दावा किया कि केवाईसी सत्यापित खाते फर्जी नहीं हो सकते।
कॉल डेटा रिकॉर्ड का हवाला देते हुए, उन्होंने दावा किया कि लगभग एक वर्ष में 236 फोन कॉल और 218 संदेशों का आदान-प्रदान हुआ था, और सवाल उठाया कि इस तरह की बातचीत को मनगढ़ंत कैसे कहा जा सकता है।
उन्होंने प्रतिभा के बेटे से जुड़े कथित संचार का भी जिक्र किया, जिससे इनकार की प्रामाणिकता पर और सवाल उठते हैं।
पुलिस ने सोमवार को खरात द्वारा प्रतिभा चाकणकर के बैंक खाते के कथित दुरुपयोग के संबंध में उनसे पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि समता क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी में प्रतिभा और उनके बेटे के नाम से खाते हैं, और इन खातों का विवरण प्राप्त करने के लिए उनसे पूछताछ की गई।
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश