पोर्ट ब्लेयर, 25 मई (भाषा) अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में कोविड-19 के नौ नए मामले सामने आने के बाद केन्द्र शासित प्रदेश में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6,853 हो गई। वहीं एक और व्यक्ति की संक्रमण से एक और व्यक्ति की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 104 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि 22 और लोगों के ठीक होने के बाद केन्द्र शासित प्रदेश में संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या बढ़कर 6,495 हो गई।
अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में अभी 254 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है।
सूचना, प्रचार एवं पर्यटन सचिव सुनील कुमार सिंह ने कहा, ‘‘ प्रशासन नागरिकों को कोरोना वायरस से संक्रमित होने से बचाने के लिए लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि चक्रवाती मौसम के कारण सोमवार को सभी उड़ाने भी रद्द कर दी गई थीं। फेरारगंज में 18 यात्रियों की ‘रैपिड एंटीजन’ जांच की गई, जिनमें से कोई संक्रमित नहीं पाया गया।
प्रशासन ने संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने के लिए दक्षिण अंडमान जिले में 24 मई से लॉकडाउन लगाए जाने की घोषणा की है जो 31 मई तक लागू रहेगा। दक्षिण अंडमान जिले में संक्रमण के सबसे अधिक 247 मरीज उपचाराधीन है।
पाबंदियों के दौरान आवश्यक वस्तुओं की दुकानें सुबह छह से आठ बजे तक खुली रहेंगी।
अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह प्रशासन ने अभी तक 3,83,396 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की है। यहां संक्रमित होने की दर 1.79 प्रतिशत है।
अधिकारी ने बताया कि केन्द्र शासित प्रदेश में अभी तक 1,21,211 लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लग चुके हैं। इनमें से 17,358 को टीकों की दोनों खुराक लग चुकी हैं।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा