नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नवनियुक्त प्रभारियों और सह-प्रभारियों की पहली बैठक की अध्यक्षता की।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई और सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में पार्टी की पकड़ को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।
सूत्रों ने बताया कि राज्यों में पार्टी की इकाइयों के लिए हाल ही में नियुक्त किए गए प्रभारियों और सह-प्रभारियों को सलाह दी गई कि वे उन्हें सौंपे गए राज्यों में पर्याप्त समय बिताएं और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ नियमित बैठकें करें, ताकि मुद्दों का समाधान किया जा सके और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जा सके।
पार्टी के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “उन सभी को अपने-अपने राज्यों में व्यवस्थित तरीके से काम करने, पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिलने, उनकी बात सुनने, उनका मार्गदर्शन करने तथा कोई भी मुद्दा या समस्या उत्पन्न होने पर बिना समय गंवाए उसका समाधान करने को कहा गया।”
सूत्र ने कहा, “उन्हें अपने-अपने राज्यों में युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों से मिलने और उनके साथ जुड़ने तथा जमीनी स्तर से पार्टी की पकड़ को मजबूत करने की भी सलाह दी गई।”
सूत्रों ने कहा कि बैठक में पार्टी नेतृत्व ने राज्य प्रभारियों से अपने सह-प्रभारियों के साथ बैठक करने और उनके बीच जिम्मेदारियों के वितरण के साथ अपनी कार्य योजना का खाका तैयार करने को भी कहा, ताकि काम व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।
एक अन्य सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “उन सभी से कहा गया कि वे इस बात को ध्यान में रखते हुए काम करें कि पार्टी व्यक्ति से ऊपर है।”
सूत्रों के अनुसार, 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में पार्टी इकाइयों के प्रभारी और सह-प्रभारी के रूप में हाल में नियुक्त सभी नेताओं ने बैठक में हिस्सा लिया जिसकी सह-अध्यक्षता राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष ने की।
बैठक में भाजपा के उपाध्यक्ष राम माधव, बैजयंत जय पांडा, रेखा वर्मा और भारती प्रवीण पवार शामिल हुए।
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, हरीश द्विवेदी, सतीश पूनिया और बिप्लब कुमार देब के साथ-साथ पार्टी के राज्यसभा सदस्य तरुण चुग भी बैठक में शामिल हुए।
दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और कमलजीत सहरावत भी बैठक में मौजूद थीं।
नवीन ने 23 सितंबर को सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भाजपा के प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए थे। उन्होंने हरियाणा और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी स्मृति ईरानी को सौंपी थी। तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभार राम माधव को दिया गया था।
विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया था, जबकि जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और आनंद ओझा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया था।
बैजयंत जय पांडा को महाराष्ट्र का प्रभारी नियुक्त किया गया था, जबकि अमित मालवीय, सदानंद शेट तनावड़े और पार्टी सांसद कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी बनाया गया था। हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक में पार्टी इकाइयों का प्रभारी नियुक्त किया गया था।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को उत्तराखंड का सह-प्रभारी बनाया गया था। तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया था।
भाषा
प्रशांत अविनाश
अविनाश