कश्मीर में शीतलहर से कोई राहत नहीं, पहलगाम में तापमान शून्य से 10.3 डिग्री नीचे

Ads

कश्मीर में शीतलहर से कोई राहत नहीं, पहलगाम में तापमान शून्य से 10.3 डिग्री नीचे

  •  
  • Publish Date - February 9, 2024 / 05:40 PM IST,
    Updated On - February 9, 2024 / 05:40 PM IST

श्रीनगर, नौ फरवरी (भाषा) कश्मीर में जारी शीत लहर की स्थिति से शुक्रवार को भी लोगों को कोई राहत नहीं मिली क्योंकि घाटी के अधिकांश स्थानों में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग स्कीइंग रिजॉर्ट में पारा शून्य से 9.0 डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में बृहस्पतिवार रात को घाटी का सबसे कम तापमान शून्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग और काजीगुंड शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे और शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में एक दिन पहले शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे की तुलना में बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

हालांकि, भीषण सर्दी ‘चिल्लई कलां’ की 40 दिन की अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन कश्मीर में शीतलहर जारी है।

घाटी इस समय 20 दिन के ‘चिल्लई-खुर्द’ की चपेट में है, जिसके बाद 10 दिन के ‘चिल्लई-बच्चा’ (हल्की ठंड) का दौर आएगा।

भाषा

रवि कांत धीरज

धीरज