निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव का तबादला किया, स्टालिन ने निंदा की

Ads

निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव का तबादला किया, स्टालिन ने निंदा की

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 10:33 PM IST

चेन्नई, आठ अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने बुधवार को तमिलनाडु के मुख्य सचिव एन मुरुगनंदम का तबादला कर दिया और उनकी जगह भारतीय प्रशासनिक सेवा ( आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी एम साई कुमार को तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया।

मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मुख्य सचिव के तबादले पर कड़ी आपत्ति जताते हुए भारतीय निर्वाचन आयोग के इस कदम को ‘एकतरफा और राजनीतिक हस्क्षेप’ बताया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में विधानसभा चुनाव के बीच मुरुगनंदम को हटाना ‘एकतरफा’ है और उन्होंने तबादले की कड़ी निंदा की।

यह कदम 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव से ठीक दो सप्ताह पहले उठाया गया है।

मुरुगनंदम के तबादले का आदेश देने और उनकी जगह कुमार को नियुक्त करने के अलावा, निर्वाचन आयोग ने अधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने के संबंध में अनुपालन रिपोर्ट मांगी।

इसके अलावा, आयोग ने आईपीएस अधिकारी संदीप मित्तल को एस डेविडसन देवसिरवथम के स्थान पर सशस्त्र पुलिस, सतर्कता और भ्रष्टाचार-विरोधी विभाग का महानिदेशक नियुक्त किया।

आयोग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुरुगनंदम और देवसिरवथम को चुनाव समाप्त होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “निर्वाचन आयोग सीधे तौर पर चुनाव प्रचार में शामिल हुए बिना भाजपा का पूर्ण समर्थन कर रहा है और उसने तमिलनाडु के मुख्य सचिव एन मुरुगनंदम का तबादला कर दिया है। मैं इस एकतरफा और राजनीतिक अतिक्रमण की कड़ी निंदा करता हूं।”

स्टालिन ने कहा, “यह शर्मनाक है कि निर्वाचन आयोग, जिसे निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने चाहिए, केंद्र में भाजपा सरकार के आदेशों का पालन कर रहा है। संविधान द्वारा आयोग को दिया गया संरक्षण भाजपा को चुनाव कार्य करने के लिए नहीं दिया गया है।”

भाषा

राखी माधव

माधव