तृणमूल सरकार ने बंगाल के लोगों के भूमि अधिकार छीनकर घुसपैठियों को दे दिए: नितिन नवीन

Ads

तृणमूल सरकार ने बंगाल के लोगों के भूमि अधिकार छीनकर घुसपैठियों को दे दिए: नितिन नवीन

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 10:36 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 10:36 PM IST

अलीपुरद्वार (पश्चिम बंगाल), आठ अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार ने पश्चिम बंगाल के लोगों की जमीन छीनकर घुसपैठियों को दे दी, जिससे राज्य की जनसांख्यिकी बदल गई।

उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की ‘‘डबल इंजन’’ सरकार बनने पर, वह जनसांख्यिकीय परिवर्तनों को ठीक करेगी और बांग्लादेशी घुसपैठियों को राज्य से बाहर निकाल देगी।

नवीन ने कहा, ‘‘ममता बनर्जी सरकार ने पश्चिम बंगाल के लोगों के भूमि अधिकार छीनकर उन्हें घुसपैठियों को दे दिया है, जिससे राज्य की जनसांख्यिकी बदल गई है।’’

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की तुष्टीकरण की राजनीति और अराजकता के कारण बंगाल के निवासी राज्य छोड़ने के लिए ‘‘मजबूर’’ हो रहे हैं।

ममता बनर्जी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि हालांकि तृणमूल सरकार ‘मां, माटी, मानुष’ की बात करती है, लेकिन राज्य की महिलाएं उसके शासन में असुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने देखा है कि बंगाल की बेटियां किस तरह असुरक्षित और डरी हुई हैं, आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ बलात्कार एवं हत्या से लेकर उत्तर 24 परगना के कामदुनी में एक कॉलेज छात्रा के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाएं हुई हैं।’’

नवीन ने दावा किया कि तृणमूल ने बंगाल को घोटालों का अड्डा बना दिया है और आरोप लगाया कि नारद, शारदा, स्कूल भर्ती, नगर निगम की भर्ती, कोयला और राशन घोटाले सभी उसके शासनकाल में हुए।

मतदाताओं से राज्य में भाजपा को सत्ता में लाने का आग्रह करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि इन सभी घोटालों के दोषियों को भाजपा द्वारा सलाखों के पीछे डाला जाएगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘टीएमसी में ‘टी’ का अर्थ ‘टोलाबाजी’ और ‘तुष्टीकरण’ है, ‘एम’ का अर्थ ‘माफियाराज’ और महिलाओं पर अत्याचार है, और ‘सी’ का अर्थ ‘करप्शन’ (भ्रष्टाचार) और ‘कट मनी’ है।’’

नवीन ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने पर नौकरी और व्यापार में ‘‘सिंडिकेट-राज’’ को रोका जाएगा।

नवीन ने कहा कि यदि ममता बनर्जी-नीत तृणमूल कांग्रेस महिलाओं के प्रति कोई सहानुभूति रखती है, तो क्या वह 16 से 18 अप्रैल तक होने वाले संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करेगी।

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार ने उनके हितों के खिलाफ काम किया है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है। जनसभा में कई लोग चाय बागान के मजदूर थे।

नवीन ने यह भी आरोप लगाया कि बनर्जी ने बांग्लादेशी घुसपैठियों के हितों की रक्षा के लिए उच्चतम न्यायालय में पैरवी करने के वास्ते ‘‘वकील का काला गाउन’’ पहना, लेकिन राज्य में अत्याचारों का सामना कर रही महिलाओं के प्रति कोई सहानुभूति नहीं दिखाई।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए सातवां वेतन आयोग गठित करेगी, सभी रिक्त पदों को भरेगी और नौकरी संबंधी घोटालों के लिए जिम्मेदार लोगों को अदालत के कटघरे में लाएगी।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश