जयपुर, आठ अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा है कि सिंचाई के लिए निर्बाध जल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना का मार्ग प्रशस्त किया गया है जिससे 17 जिलों के किसानों को सिंचाई एवं पेयजल के लिए भरपूर पानी उपलब्ध हो सकेगा।
शर्मा बुधवार को करौली जिले में टोडाभीम के नांगल शेरपुर गांव में किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दो महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी उपलब्ध करवाने के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना एवं यमुना जल समझौते का मार्ग प्रशस्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना(आईएनजीपी), गंगनहर और सोम-कमला-अम्बा सहित अनेक परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण के कार्य भी किए जा रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों के सशक्तीकरण के लिए निरतंर कार्य कर रही है । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार ने तीन हजार रुपये अतिरिक्त जोड़कर इसे नौ हजार रुपये प्रतिवर्ष कर दिया है।
उन्होंने कहा कि गेहूं की एमएसपी खरीद पर अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है, वहीं 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ब्याज मुक्त ऋण किसानों को उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली बिलों पर भी सब्सिडी और दो लाख से अधिक नए कृषि कनेक्शन जारी किए हैं।
शर्मा ने कहा कि सरकार ने करौली जिले के विकास के लिए दो हजार 200 करोड़ रुपये से अधिक की बजट घोषणाएं की है।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार