दिल्ली में हल्की बारिश के बावजूद उमस से राहत नहीं

Ads

दिल्ली में हल्की बारिश के बावजूद उमस से राहत नहीं

  •  
  • Publish Date - August 1, 2025 / 10:47 PM IST,
    Updated On - August 1, 2025 / 10:47 PM IST

नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश के बावजूद शुक्रवार को उच्च आर्द्रता बनी रही और सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 90 से 91 प्रतिशत के बीच रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश की गतिविधि सीमित रही। सफदरजंग वेधशाला ने शुक्रवार शाम तक 24 घंटों में 17 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की। आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद अधिक बारिश नहीं हुई।

आईएमडी ने शनिवार को आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इस बीच, शहर में वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने शाम छह बजे समग्र एक्यूआई 58 दर्ज किया।

सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप