नोएडा : अपहरण के बाद जानलेवा हमले का शिकार हुए पांच साल के बच्चे ने दम तोड़ा

नोएडा : अपहरण के बाद जानलेवा हमले का शिकार हुए पांच साल के बच्चे ने दम तोड़ा

नोएडा : अपहरण के बाद जानलेवा हमले का शिकार हुए पांच साल के बच्चे ने दम तोड़ा
Modified Date: May 12, 2023 / 12:20 pm IST
Published Date: May 12, 2023 12:20 pm IST

नोएडा (उप्र), 12 मई (भाषा) सेक्टर 113 थाना क्षेत्र में अपहरण के बाद जानलेवा हमले का शिकार हुए पांच साल के बच्चे ने बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सेक्टर-112 निवासी रंजीत वर्मा और उनकी पत्नी से पड़ोसी दीपक चौरसिया का एक सप्ताह पहले विवाद हुआ था। विवाद के बाद दीपक ने रंजीत के पांच साल के बेटे अजीत को उसके घर के पास से अगवा कर लिया और उस पर धारदार हथियार से हमला कर अधमरे हालत में उसे भूड़ा गांव के श्मशान घाट के पास फेंक दिया था। बच्चे का उपचार एक अस्पताल में हो रहा था, जहां बृहस्पतिवार को उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अब भी फरार है।

बच्चे के परिजन पुलिस पर घटना के दिन से इस मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में अपहरण की धारा के बजाय हल्की धारा में मामला दर्ज किया है।

वहीं, पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) हरिश चंदर ने बताया कि इस मामले में पुलिस की पांच टीम बनाई गई है और दावा किया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भाषा सं मनीषा सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में