नोएडा में श्रमिकों के उग्र आंदोलन के बीच प्रशासन अलर्ट, उद्योगपतियों संग बैठक

Ads

नोएडा में श्रमिकों के उग्र आंदोलन के बीच प्रशासन अलर्ट, उद्योगपतियों संग बैठक

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 04:03 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 04:03 PM IST

नोएडा, 12 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में पिछले तीन दिनों से जारी श्रमिकों के उग्र आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने रविवार को उद्योगपतियों और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की, जबकि सोमवार को प्रस्तावित प्रदर्शनों के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि संभावित प्रदर्शन को देखते हुए सेक्टर, जोनल और ‘स्टेटिक मजिस्ट्रेट’ की तैनाती की गई है। कुछ संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष रूप से अधिकारियों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

उन्होंने सभी औद्योगिक इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चस्पा किया जाए, जिससे श्रमिकों में किसी प्रकार का भ्रम न रहे। बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी श्रमिक को अनावश्यक रूप से नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। ओवरटाइम और रविवार को कार्य कराने पर दोगुना भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा साप्ताहिक अवकाश, समय पर वेतन भुगतान (हर माह की 10 तारीख तक), वेतन पर्ची, तथा 30 नवंबर तक बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी कहा कि कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति का गठन अनिवार्य होगा, जिसकी अध्यक्ष महिला होगी। शिकायत पेटी की व्यवस्था कर श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा। आंदोलन में शामिल किसी भी श्रमिक के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई न करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों का हनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण कर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले में औद्योगिक शांति बनी रहे। साथ ही, जो श्रमिक काम करना चाहते हैं, उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा।

इस बीच, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने भी थाना फेस-2 में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है तथा दमकल विभाग और दंगा नियंत्रण वाहन भी तैयार रखे गए हैं।

गौरतलब है कि शनिवार को थाना फेस-2, फेस-3 और ईकोटेक-3 क्षेत्रों में श्रमिकों ने उग्र प्रदर्शन किया था। कई स्थानों पर पथराव की घटनाएं हुईं, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस कार्रवाई में भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है जबकि एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने की चर्चा है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन, श्रम विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार श्रमिकों और उद्योगपतियों से संवाद कर स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं।

भाषा

सं, रवि कांत नेत्रपाल रवि कांत