नोएडा में नवजात बच्ची को बेचने के आरोप में अस्पताल की मालिक और दो कर्मचारी गिरफ्तार

Ads

नोएडा में नवजात बच्ची को बेचने के आरोप में अस्पताल की मालिक और दो कर्मचारी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 09:32 AM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 09:32 AM IST

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 22 मार्च (भाषा) नोएडा पुलिस ने पांच दिन की नवजात बच्ची को बेचने के आरोप में एक निजी अस्पताल की मालिक और वहां काम करने वाले दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।

प्रवक्ता के अनुसार ‘चाइल्ड हेल्पलाइन’ पर मिली सूचना के बाद बिसरख थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। सूचना में बताया गया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित नवजीवन अस्पताल में बच्ची को ‘‘गैर-कानूनी तरीके से गोद देने के बहाने बेचा’’ जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इसके बाद अस्पताल की मालिक यशिका गर्ग, कर्मचारी रणजीत सिंह व गजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया।

प्रवक्ता ने दावा किया, ‘‘पूछताछ में यशिका ने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया कि अंजलि नाम की महिला ने पांच दिन पहले उनके अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया और उसने कहा कि वह बच्ची को पालने में असमर्थ है। अंजलि ने अस्पताल का बिल भी नहीं दिया। इसके बाद उनके मन में लालच आ गया और बच्ची को बेचने का प्रयास किया।’’

उन्होंने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।

भाषा सं खारी

खारी