नोएडा: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
नोएडा: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
नोएडा, 21 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के दनकौर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मेरठ जिले के किनौनी गांव निवासी नितिन ने दनकौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई और बताया कि उसकी 22 वर्षीय बहन निशा की शादी करीब आठ माह पहले राजपुर कला गांव निवासी पवन के साथ हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि विवाह के समय परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था लेकिन ससुराल पक्ष स्कॉर्पियो कार और 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि मांग पूरी नहीं होने पर निशा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
प्रवक्ता के अनुसार, नितिन ने पुलिस को बताया कि दोनों पक्षों के बीच कई बार समझौता कराने और विवाद समाप्त कराने का प्रयास किया गया लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला।
उसने आरोप लगाया कि शनिवार को निशा ने फोन कर अपने परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका जताई थी।
मृतका के भाई ने बताया कि सूचना मिलने पर परिजन तत्काल राजपुर कला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने निशा को मृत अवस्था में पाया।
निशा के परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उसकी गला दबाकर हत्या की गई।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति पवन, जेठ भीम, पंकज और जेठानी पिंकी के खिलाफ दहेज हत्या तथा संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
भाषा सं जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


