नोएडा, आठ मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र के घोड़ी बछेड़ा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ससुराल पक्ष द्वारा आनन-फानन में अंतिम संस्कार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर जलती चिता से शव को उतार लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृत महिला की मां की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दादरी थाने के प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मोनिका की शादी तीन माह पहले घोड़ी बछेड़ा निवासी अनुज चौहान से हुयी थी। उन्होंने बताया कि दोनों का यह प्रेम विवाह था।
उन्होंने बताया कि देर रात मोनिका का शव घर में पंखे से लटका मिला। आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के लोग शव को तुरंत श्मशान घाट ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी, और उन्होंने शव को चिता पर रखकर उसमें आग भी लगा दी थी।
इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता से शव को नीचे उतार लिया, तब तक शव का कुछ हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था।
पुलिस के अनुसार, मृतका की मां की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं मनीषा रंजन
रंजन