नोएडा : विदेश में व्यापार के नाम पर महिला से 28 लाख रुपये की ठगी
नोएडा : विदेश में व्यापार के नाम पर महिला से 28 लाख रुपये की ठगी
नोएडा (उप्र), 16 अप्रैल (भाषा) नोएडा के सेक्टर 36 में साइबर अपराध थाना में एक महिला ने विदेश में व्यापार करने और महंगा उपहार देने के नाम पर उससे लाखों रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 122 में रहने वाली एक महिला ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक व्यक्ति ने खुद को आस्ट्रेलिया का नागरिक बताकर उनसे संपर्क किया। आरोपी व्यक्ति ने उनसे व्यापार करने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत की। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत दोस्ती में बदल गई।
उन्होंने बताया कि कथित ऑस्ट्रेलियाई व्यक्ति ने महिला से कहा कि वह अपने व्यापारिक रिश्ते को प्रगाढ़ करने के लिए एक करोड़ रुपए का गिफ्ट उन्हें भेज रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व महिला को कथित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट से फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को सीमा शुल्क का अधिकारी बताया और कहा कि उनके लिए कोई उपहार आया है जिस पर 28 लाख रुपए का सीमा शुल्क कर लगेगा।
जब महिला ने सीमा शुल्क कर देने से मना किया तो उसने विभिन्न भारतीय जांच एजेंसियों का भय दिखाकर उसे डराया धमकाया। भयभीत महिला ने उसके बताए गए खाते में 28 लाख रुपए भेज दिए। अधिकारी ने बताया कि बाद में महिला को पता चला कि वह साइबर अपराध की शिकार हुई है।
महिला की शिकायत पर पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं सुरभि
सुरभि

Facebook


