कांग्रेस में दोबारा शामिल नहीं हो रहा: ‘अफवाहों’ के बीच पूर्व पंजाब भाजपा प्रमुख जाखड़ ने दी सफाई

Ads

कांग्रेस में दोबारा शामिल नहीं हो रहा: 'अफवाहों' के बीच पूर्व पंजाब भाजपा प्रमुख जाखड़ ने दी सफाई

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 06:16 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 06:16 PM IST

चंडीगढ़, 17 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने बृहस्पतिवार को उन सोशल मीडिया पोस्ट को खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि वह कांग्रेस में फिर से शामिल होंगे और कहा कि वह भाजपा की ‘सबका साथ, सबका विकास’ विचारधारा को लेकर प्रतिबद्ध हैं।

जाखड़ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मैंने कुछ सोशल मीडिया पोस्ट देखी, जिनमें यह सुझाव दिया गया है कि मैं कांग्रेस पार्टी में फिर से शामिल हो रहा हूं। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि ये बातें झूठी और बेबुनियाद हैं और इनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है। मैं भाजपा के साथ हूं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की विचारधारा के लेकर प्रतिबद्ध हूं।’

जाखड़ मई 2022 में कांग्रेस के पंजाब विधानसभा चुनाव हारने के तीन महीने बाद भाजपा में शामिल हुए थे।

उन्हें जुलाई 2023 में पंजाब भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने विधायक अश्वनी शर्मा की जगह राज्य इकाई के अध्यक्ष का पद संभाला था।

इस वर्ष मई में जाखड़ की जगह केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा अध्यक्ष बनाया गया।

कांग्रेस के पूर्व नेता रहे जाखड़ अबोहर विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं और 2017 से 2019 तक गुरदासपुर से लोकसभा सदस्य रहे।

वह पहले पंजाब कांग्रेस के प्रमुख और 2012 से 2016 के बीच विधानसभा में विपक्ष के नेता थे।

भाषा

शुभम माधव

माधव