भुवनेश्वर, 31 जनवरी (भाषा) ओडिशा के मंत्रिमंडल ने शनिवार को 12 प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिनमें भुवनेश्वर से चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों के लिए राज्य की व्यवहार्यता अंतर निधि (वीजीएफ) सहायता जारी रखना भी शामिल है।
मंत्रिमंडल ने राज्य में 17,250 करोड़ रुपये के निवेश से एक एकीकृत आधुनिक विनिर्माण परिसर की स्थापना के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि मंत्रिमंडल ने वाणिज्य और परिवहन विभाग के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है जिसमें भुवनेश्वर को दुबई और सिंगापुर से जोड़ने वाली इंडिगो द्वारा संचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाओं के लिए वीजीएफ सहायता को जारी रखने तथा उसे युक्तिसंगत बनाने की बात कही गई है।
मंत्रिमंडल ने कल्याणी समूह द्वारा ढेंकनाल जिले के गजमारा में एक एकीकृत आधुनिक विनिर्माण परिसर स्थापित करने के औद्योगिक निवेश प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
गर्ग ने कहा कि यह परियोजना लगभग 1,100 एकड़ में विकसित की जाएगी और इससे उन्नत विनिर्माण, विशेष रूप से ऑटोमोटिव, एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्रों में राज्य की भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
अनुमान के अनुसार, एकीकृत परिसर के लिए कुल प्रस्तावित निवेश लगभग 17,250 करोड़ रुपये है। परियोजना से निर्माण और प्रारंभिक परिचालन चरणों के दौरान 4,800 से अधिक प्रत्यक्ष और लगभग 5,500 अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष
सुभाष