शाहजहांपुर (उप्र), चार अगस्त (भाषा) शाहजहांपुर जिले में एक हिंदू युवक की हत्या के मामले में पुलिस जांच में उसकी पूर्व प्रेमिका और कई अन्य लड़के भी लिप्त पाए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेजा गया है।
कांट कस्बे में शुक्रवार की रात गौतम मौर्य की कथित रूप से धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी गई थी । आरोपी समीर अली ने हत्या का जुर्म स्वीकार किया था जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
इस घटना से क्षेत्र में काफी तनाव पैदा हो गया था और घटना के दूसरे दिन परिजनों और ग्रामीणों ने पलिया जलालाबाद हाईवे आठ घंटे तक जाम कर दिया था। इस दौरान उपद्रवियों ने एक समुदाय विशेष की दुकानों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया जिसे पुलिस ने विफल कर दिया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया की इसी मामले में अब एक युवती का नाम सामने आया है।
सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए समीर के मोबाइल की जब पुलिस ने जांच की तो पाया कि उस युवती से आरोपी काफी लंबी बातचीत करता था और हत्या वाले दिन भी अंतिम बार उसने युवती से बात की थी।
पुलिस के अनुसार मोबाइल में मिली रिकॉर्डिंग के मुताबिक इस हत्याकांड में युवती भी राजदार थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पहले मौर्य और समीर दोनों दोस्त थे और तथा मौर्य का प्रेम संबंध इसी युवती से था लेकिन कुछ दिनों पहले दोनों में अलगाव हो गया था जिसके बाद युवती का संबंध समीर से हो गया।
समीर और युवती के बीच संबंध से मौर्य काफी नाराज था।
समीर ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक स्टेटस भी लगाकर घोषणा की थी कि वह पांच अगस्त 2026 को उसे मार देगा। जब शुक्रवार को समीर ने मौर्य की कथित तौर पर हत्या कर दी, तब भी उसने ‘इंस्टाग्राम’ पर स्टेटस लगा दिया ‘मार दिया।’
पुलिस के मुताबिक समीर काफी दिनों से मौर्य को मारने की फिराक में था और उसे शराब भी पिलाता था लेकिन वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में एक अन्य लड़का मौर्य और समीर के बीच विवाद खत्म करने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक इस घटना में युवती के अलावा कई अन्य हिंदू युवकों के नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि समीर को गिरफ्तार करके विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा लियाकत अली, तदीम तथा राजा को गिरफ्तार करके विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेजा जा चुका है।
दीक्षित ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है जिसके लिए उन्होंने तीन टीम गठित की गयी हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कस्बे में शांति व्यवस्था कायम है लेकिन ऐतिहातन पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस कड़ी निगरानी कर रही है
भाषा सं राजेंद्र
राजकुमार
राजकुमार