ओडिशा: कांग्रेस नेता कान्हू चरण लेंका का 86 वर्ष की आयु में निधन

Ads

ओडिशा: कांग्रेस नेता कान्हू चरण लेंका का 86 वर्ष की आयु में निधन

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 01:44 PM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 01:44 PM IST

भुवनेश्वर, 13 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कान्हू चरण लेंका का शुक्रवार को भुवनेश्वर निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी।

वह 86 वर्ष के थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री के पुत्र सत्यब्रत लेंका ने बताया कि उनके पिता वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। सुबह करीब नौ बजकर 45 मिनट पर एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई।

कटक जिले में दो मार्च 1939 को जन्मे लेंका 1971, 1974, 1980 और 1995 में चौद्वार सीट से चार बार ओडिशा विधानसभा के लिए चुने गए थे। वह राज्यसभा सदस्य और रेल राज्य मंत्री भी रहे थे।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयदेव जेना ने कहा कि रेल राज्य मंत्री के रूप में ओडिशा के लिए बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी की पहल में लेंका का उल्लेखनीय योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक, ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास और अन्य नेताओं ने लेंका के निधन पर शोक व्यक्त किया।

माझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद कान्हू चरण लेंका के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और भगवान श्री जगन्नाथ से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ओम शांति।’’

पटनायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कान्हू चरण लेंका के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। जनसेवा के प्रति उनके आजीवन समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक बयान में कहा कि लेंका के पार्थिव शरीर को यहां पार्टी की ओडिशा इकाई के मुख्यालय में लाया जाएगा, ताकि पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें।

भाषा सुरभि सुभाष

सुभाष