बालासोर, 28 जून (भाषा) ओडिशा के बालासोर जिले में एक शादी समारोह में ‘मटन’ नहीं परोसने पर चार नाबालिग लड़कों ने कैटरिंग के एक कर्मचारी पर कथित रूप से हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 24 जून की रात रेमुणा थाना क्षेत्र के अठांतर गांव में हुई, लेकिन मामला रविवार को तब सामने आया, जब पुलिस ने चारों लड़कों को पकड़ लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गांव में हुई एक शादी समारोह की दावत के दौरान ‘मटन’ की जगह ‘चिकन’ परोसने पर इन चारों नाबालिग लड़कों की कैटरिंग कर्मचारी से कहासुनी हो गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद लड़कों ने धारदार हथियार से हमला कर कर्मचारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि घायल व्यक्ति को पहले रेमुणा स्थित फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण बाद में उसे कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर 16 से 17 वर्ष आयु के चारों लड़कों को पकड़ लिया और उन्हें अंगुल स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप