पुरी में भगवान जगन्नाथ की सालाना ‘स्नान यात्रा’ के लिए तैयारी पूरी

Ads

पुरी में भगवान जगन्नाथ की सालाना ‘स्नान यात्रा’ के लिए तैयारी पूरी

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 10:34 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 10:34 PM IST

पुरी, 28 जून (भाषा) पवित्र शहर पुरी सोमवार को भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहन की ‘स्नान यात्रा’ (यानी स्नान उत्सव) के लिए तैयार है। राज्य सरकार ने रथयात्रा से पहले होने वाले इस कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

‘स्नान यात्रा’ का दिन भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ का जन्मदिन भी माना जाता है।

देशभर से श्रद्धालु देवताओं की पारंपरिक ‘पहांडी’ (शोभा यात्रा) देखने के लिए इस तीर्थ शहर में पहुंचने लगे हैं, यह शोभा यात्रा सुबह पांच बजे से सात बजे के बीच निकाली जाएगी।

देवताओं को 12वीं सदी के मंदिर परिसर में बने पवित्र स्थान ‘स्नान मंडप’ में लाया जाएगा, जहां पुजारी सभी लोगों के सामने प्रतिमाओं पर 108 घड़े का पानी डालेंगे।

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘सेवादारों से अनुरोध किया गया है कि वे तय समय के अनुसार अनुष्ठान पूरे करें, और वे ‘देव स्नान उत्सव’ के लिए पूरी श्रद्धा के साथ काम कर रहे हैं।’’

इस मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुरी जिला प्रशासन ने पुरी नगर निगम क्षेत्र के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। वहीं, सुरक्षा, भीड़ और यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस ने 70 प्लाटून (एक प्लाटून में 30 जवान होते हैं) तैनात किए हैं।

पुरी में मौजूद सेंट्रल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्यजीत नाइक ने कहा, ‘‘पूरा शहर सीसीटीवी की निगरानी में है और भीड़ को संभालने पर खास जोर दिया जा रहा है।’’ उन्होंने बताया कि इस मौके के लिए कई अधिकारियों के साथ-साथ खास इकाइयां भी तैनात की गई हैं।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए कई उच्चस्तरीय इंतजाम किए गए हैं, जिनमें त्वरित कार्य दल (क्यूएटी), श्वान दस्ता, छतों से निगरानी, ​​इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से निगरानी, तोड़-फोड़ रोकने के लिए जांच और समुद्री सुरक्षा के इंतजाम शामिल हैं।

समग्र रथयात्रा उत्सव की सुरक्षा के प्रभारी अतिरिक्त महानिदेशक सौमेंद्र प्रियदर्शी ने कहा कि रविवार शाम तक सभी इंतजाम पूरे कर लिये गए हैं।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश