भुवनेश्वर, नौ अप्रैल (भाषा) ओडिशा के जल संसाधन विभाग के एक वरिष्ठ अभियंता को उसके नाम पर एक आलीशान इमारत समेत आय के ज्ञात स्रोत से कई गुना ज्यादा संपत्ति के संबंध में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सतर्कता विभाग द्वारा अतिरिक्त मुख्य अभियंता (बांध सुरक्षा) राजेश चंद्र मोहंती की संपत्तियों पर छापा मारने के एक दिन बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद सतर्कता अधिकारियों ने बुधवार को मोहंती से जुड़े छह स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान जांचकर्ताओं ने भुवनेश्वर में उसकी तीन मंजिल एक आलीशान इमारत और ढेंकनाल में फार्महाउस का पता लगाया।
उन्होंने बताया कि भुवनेश्वर और ढेंकनाल में उसके आठ महंगे भूखंड हैं।
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान 6.23 लाख रुपये नकद, 1.81 करोड़ रुपये से अधिक की बैंक जमा राशि, लगभग 350 ग्राम सोने के आभूषण और चार पहिया दो वाहन जब्त किए गए।
कटक में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा यासिर प्रशांत
प्रशांत