जाजपुर (ओडिशा), सात अप्रैल (भाषा) ओडिशा के जाजपुर में अज्ञात हमलावरों की गोलियों से घायल हुए एक व्यक्ति की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जाजपुर टाउन थाना क्षेत्र में कुआंसरपुर के निवासी सौम्या सागर सामल के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात जब सामल जाजपुर नगरपालिका के शीतलेश्वर स्थित अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे तभी कलीमेघा के पास मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उनपर कथित तौर पर गोलियां चला दीं।
अधिकारियों के अनुसार, सामल मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
अधिकारियों का कहना है कि राहगीरों ने उन्हें जाजपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया तथा बाद में, बेहतर इलाज के लिए उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जाजपुर टाउन उपसंभागीय पुलिस अधिकारी पी के माझी ने कहा, ‘‘गोलीबारी के पीछे कौन था और हमले की वजह क्या थी, उसका पता लगाने के लिए हम काम कर रहे हैं। जांच चल रही है।’’
भाषा
राजकुमार सुरेश
सुरेश