ओडिशा में अधिकारी 25,000 रुपये रिश्वत लेती पकड़ी गयी

Ads

ओडिशा में अधिकारी 25,000 रुपये रिश्वत लेती पकड़ी गयी

  •  
  • Publish Date - August 27, 2025 / 06:05 PM IST,
    Updated On - August 27, 2025 / 06:05 PM IST

भुवनेश्वर, 27 अगस्त (भाषा) ओडिशा वित्त सेवा (ओएफएस) की एक अधिकारी को 25,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सतर्कता विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को राज्य कर सहायक आयुक्त के रूप में कार्यरत सरिता बारिक को गिरफ्तार किया और भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया।

सतर्कता विभाग ने एक बयान में कहा, ‘कल, सरिता बारिक, ओएफएस-I, सहायक राज्य कर आयुक्त, भुवनेश्वर-IV सर्कल को ओडिशा सतर्कता विभाग ने एक खाद्य उत्पाद कंपनी के मालिक से वित्त वर्ष 2020-21 की कर अवधि के लिए आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) को परिवर्तित करने और जुर्माना व दंड से छूट के लिए 25,000 रुपये का अनुचित लाभ (रिश्वत) मांगने और लेने के आरोप में गिरफ्तार किया।’

एक सतर्कता अधिकारी ने बताया, ‘गवाहों की मौजूदगी में बारिक के कब्जे से रिश्वत की रकम जब्त कर ली गई।’

भुवनेश्वर के मधुसूदन नगर स्थित बारिक के किराये के मकान, उनके पैतृक गांव बुधिखामारी, बारीपदा शहर और उनके कार्यालय कक्ष में भी एक साथ तलाशी ली गई।

अधिकारी ने बताया, ‘तलाशी के दौरान, अधिकारियों को 1.45 लाख रुपये नकद, 222 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 60 लाख रुपये की बैंक जमा राशि और भुवनेश्वर में संपत्ति की खरीद से संबंधित दस्तावेज मिले।’

उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश