ओडिशा: विपक्ष ने मांगा स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा, विधानसभा की कार्यवाही हुई बाधित
ओडिशा: विपक्ष ने मांगा स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा, विधानसभा की कार्यवाही हुई बाधित
भुवनेश्वर, 26 मार्च (भाषा) ओडिशा के कटक के एक सरकारी अस्पताल में आग लगने से 12 मरीजों की मौत के मामले में स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के इस्तीफे की विपक्ष की मांग के बीच बृहस्पतिवार को विधानसभा की कार्यवाही बाधित रही।
विपक्षी दलों बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास मृतकों की 11वीं की रस्म के रूप में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित किया।
विपक्षी विधायकों ने मृतकों के नाम वाले ‘प्लेकार्ड्स’ पर पुष्प अर्पित किए।
पूर्वाहन 10:30 बजे प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने आसन के करीब आकर सरकार विरोधी नारे लगाए और ‘प्लेकार्ड्स’ दिखाए। कुछ विधायक विधानसभा अध्यक्ष के पोडियम के पास हंगामा करते भी देखे गए, जिससे कार्यवाही बाधित हो गई।
विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाधी ने सदस्यों से सहयोग करने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की, लेकिन नारेबाजी और तेज हो गई, जिसकी वजह से व्यवधान बढ़ गया।
कार्यवाही चलाने में असमर्थ होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को पूर्वाह्न 11:30 बजे तक स्थगित कर दिया। इससे पहले वह इस मुद्दे पर कम से कम चार सर्वदलीय बैठकें बुला चुकी थीं, लेकिन पिछले आठ दिनों से जारी गतिरोध खत्म नहीं हो सका।
पूर्वाह्न 11:30 बजे सदन की कार्यवाही फिर शुरू होने पर शून्यकाल के दौरान भी यही स्थिति बनी रही। बाद में विपक्षी सदस्य उस समय बहिर्गम कर गए, जब विधानसभा अध्यक्ष ने हंगामे के बीच सत्तापक्ष के सदस्यों को अपनी बात रखने की अनुमति दी।
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने विपक्ष की कड़ी आलोचना करते हुए कार्यवाही बाधित कर जनता के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया।
बाद में विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही सोमवार पूर्वाह्न 10:30 बजे तक स्थगित कर दी।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने कहा कि 12 मरीजों की मौत के मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे देने तक बीजू जनता दल अपना आंदोलन जारी रखेगा।
कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता रमा चंद्र कडम ने भी राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह अस्पतालों में भी मरीजों की जान बचाने में विफल रही है।
भाषा जोहेब रंजन
रंजन

Facebook


