ओडिशा पुलिस ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति से दो बंधुआ मजदूरों को बचाया

ओडिशा पुलिस ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति से दो बंधुआ मजदूरों को बचाया

ओडिशा पुलिस ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति से दो बंधुआ मजदूरों को बचाया
Modified Date: June 16, 2026 / 03:26 pm IST
Published Date: June 16, 2026 3:26 pm IST

भुवनेश्वर, 16 जून (भाषा) ओडिशा पुलिस ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति में कथित रूप से बंधुआ मजदूर बनाकर रखे गए गजपति जिले के दो व्यक्तियों को बचाया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, मजदूरों की पहचान गजपति जिले के आर. उदयगिरि ब्लॉक निवासी सैंटियल कराडो (54) और गैमलियल कराडो (29) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले पांच वर्षों से तिरुपति में एक कारोबारी के यहां मजदूरी कर रहे थे। हालांकि, मजदूरों के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नियोक्ता ने उन्हें (मजदूरों को) पिछले आठ दिनों से अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान दोनों को पर्याप्त भोजन नहीं दिया गया, परिवार से संपर्क करने से रोका गया, उनका मेहनताना नहीं दिया गया और आने वाले महीनों में बिना भुगतान के काम कराने की धमकी दी गई।

शिकायत मिलने पर आर. उदयगिरि के उप-मंडलीय पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राकेश के. साहू ने तिरुपति पुलिस से संपर्क कर पीड़ितों और उनकी कथित बंधक बनाए जाने की परिस्थितियों से जुड़ी सभी जानकारी साझा की।

अधिकारी ने बताया कि गजपति और तिरुपति पुलिस के समन्वित प्रयासों, त्वरित हस्तक्षेप और आपसी सहयोग से दोनों मजदूरों को बचाया गया।

एसडीपीओ ने कहा कि तिरुपति पुलिस से मजदूरों के कथित शोषण और अवैध रूप से बंधक बनाए जाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ भी नियमित समन्वय किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस आने वाले दिनों में गजपति जिले के अन्य ऐसे श्रमिकों की पहचान कर उन्हें बचाने का प्रयास करेगी, जो इसी तरह की परिस्थितियों का सामना कर रहे हों।

भाषा

राखी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में