ओडिशा पुलिस ने चोरी का मामला सुलझाया, महज 17 दिनों में दोषसिद्धि को सुनिश्चित किया
ओडिशा पुलिस ने चोरी का मामला सुलझाया, महज 17 दिनों में दोषसिद्धि को सुनिश्चित किया
भुवनेश्वर, 26 सितंबर (भाषा) ओडिशा पुलिस ने मोबाइल चोरी का एक मामला सुलझाते हुए घटना की शिकायत दर्ज होने के 17 दिनों के भीतर अदालत में आरोपी की दोषसिद्धि को सुनिश्चित करने में सफलता हासिल की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
रेंगाली पुलिस थाने में नौ सितंबर को चार मोबाइल फोन और दो ईयरबड चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में 26 वर्षीय आरोपी सनातन किशन को गिरफ्तार किया गया था।
जांच अधिकारी समरेंद्र नायक ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी के घर से दो मोबाइल फोन और एक ईयरबड बरामद किया गया।
पुलिस ने कहा कि जांच तेजी से पूरी की गई और 19 सितंबर को आरोप-पत्र दाखिल किया गया। इस मामले में 21 सितंबर को आरोपी के खिलाफ आरोप तय किए गए।
दीवानी न्यायाधीश जया रे की लखनपुर अदालत ने 25 सितंबर को दोषी को छह महीने के साधारण कारावास और 5,000 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।
झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र ने कहा, ‘‘नौ सितंबर को प्राथमिकी दर्ज होने से लेकर 25 सितंबर को दोषसिद्धि तक पूरी प्रक्रिया महज 17 दिनों में पूरी की गई। यह त्वरित जांच, पेशेवर तरीके से अभियोजन की कार्रवाई को आगे बढ़ाने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’
भाषा संतोष रंजन
रंजन

Facebook


