ओडिशा ने साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दो संगठनों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए

ओडिशा ने साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दो संगठनों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए

ओडिशा ने साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दो संगठनों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए
Modified Date: February 24, 2026 / 07:02 pm IST
Published Date: February 24, 2026 7:02 pm IST

भुवनेश्वर, 24 फरवरी (भाषा) ओडिशा सरकार ने मंगलवार को ‘इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन’ (आईएमएफ) और ‘एयरो क्लब ऑफ इंडिया’ (एसीआई) के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य राज्य को पूर्वी भारत में एक प्रमुख साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।

पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाली उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा की उपस्थिति में यहां समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। उपमुख्यमंत्री ने ‘गो-एडवेंचर पोर्टल’ की भी शुरुआत की।

परिदा ने इस अवसर पर कहा कि राज्य में साहसिक पर्यटन के विस्तार की आधारशिला सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों और आध्यात्मिक एवं अनुभव-आधारित यात्रा पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने के माध्यम से, राज्य इस क्षेत्र का आधुनिकीकरण करने और युवा उद्यमियों से नया निवेश आकर्षित करने की योजना बना रहा है।

उन्होंने ओडिशा के पर्यटन परिदृश्य में एक नया अध्याय खोलने में पर्यटन, खेल और गृह विभागों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की तथा सभी विभागों से ओडिशा को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बनाने के लिए सामूहिक रूप से काम करने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य सचिव अनु गर्ग ने कहा कि राज्य सरकार 2036 तक उत्कर्ष ओडिशा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से पर्यटन विकास को प्राथमिकता दे रही है।

भाषा

नेत्रपाल रंजन

रंजन


लेखक के बारे में