ब्रह्मपुर (ओडिशा), 10 मार्च (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में लूटपाट-चोरी की वस्तुएं बेचने के आरोप में उत्तर प्रदेश के पांच और तमिलनाडु के एक व्यक्ति सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सोमवार शाम को तारासिंह पुलिस थाना क्षेत्र के लेम्बाई में आरोपियों को ग्रामीणों को टीवी सेट, स्कूटर और मोबाइल फोन जैसी चीजें सस्ते दामों पर बेचते हुए देखा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विक्रेताओं से सामान के दस्तावेज पेश करने को कहा, जिसे वे पेश करने में विफल रहे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
तारासिंह पुलिस थाने की प्रभारी निरीक्षक शुभलक्ष्मी पुजारी ने कहा, “चूंकि वे वस्तुओं के दस्तावेज पेश करने में विफल रहे, इसलिए हमें संदेह है कि उन्होंने वस्तुओं को लूटा होगा और उन्हें ग्रामीणों को कम कीमतों पर बेच रहे होंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “इन वस्तुओं को लूटने के स्थान का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।”
इन वस्तुओं में चार एलईडी टीवी सेट, 10 गैस चूल्हे, 23 घड़ियां, कुछ पेन-ड्राइव, छह मोबाइल फोन और तीन स्कूटर शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये है।
भाषा प्रशांत आशीष
आशीष