मिर्जापुर (उप्र), पांच सितंबर (भाषा) मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक पत्थर क्रशर प्लांट की इमारत ढहने से चार मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर भगवती देई स्थित एसएस रंजन स्टोन प्लांट में हुआ। बताया जा रहा है कि इमारत की नींव का रैंप धंसने के कारण यह हादसा हुआ।
चुनार के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अनेग सिंह ने बताया कि हादसे के समय कार्यालय के अंदर चार मजदूर मौजूद थे, जिनकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान लाल बहादुर (35), अशोक (38), राकेश (28) और दुर्योधन (28) के रूप में हुई है, जो पड़ोसी जिले सोनभद्र के चुर्क-चोपन क्षेत्र के बड़गांव के निवासी थे।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मलबा हटाने के लिए मशीनें लगाई गईं। घटनास्थल पर अफरा-तफरी के बीच तलाशी अभियान चलाया गया।
मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच के निर्देश दिए।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब