ओडिशा: कथित यौन उत्पीड़न के बाद लड़की के स्कूल से भागने पर शिक्षक को हिरासत में लिया
ओडिशा: कथित यौन उत्पीड़न के बाद लड़की के स्कूल से भागने पर शिक्षक को हिरासत में लिया
भद्रक, सात मार्च (भाषा) ओडिशा पुलिस ने शनिवार को भद्रक जिले में केंद्र सरकार द्वारा संचालित एक आवासीय स्कूल की उस लड़की को बचाया, जो एक शिक्षक द्वारा कथित यौन उत्पीड़न के बाद स्कूल से भाग गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि कक्षा सात की छात्रा स्कूल की चारदीवारी फांदकर भाग गयी और कासिया समुद्री पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत पास के एक गांव में एक बुजुर्ग महिला के घर में शरण ली।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दीवार फांदते समय लड़की के हाथों और पैरों पर चोटें आईं और उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि लड़की को आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
कासिया समुद्री पुलिस थाने के प्रभारी कुनु बेसरा ने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी शिक्षक को लड़की के पिता द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराने के बाद हिरासत में लिया गया था।
प्राथमिकी के अनुसार, शिक्षक ने 30 जनवरी को लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी और शुक्रवार रात को भी उसका हाथ खींचकर उसे प्रताड़ित करने का प्रयास किया। उस रात तड़के लड़की आवासीय विद्यालय की चारदीवारी फांदकर भाग गई।
पुलिस ने बताया कि लड़की स्पष्ट रूप से सहमी हुई थी और उसने घटना के बारे में बुजुर्ग महिला को बताया, जिसने अन्य ग्रामीणों को सूचित किया तथा शनिवार तड़के लड़की के पिता से संपर्क किया।
पुलिस ने बताया कि शिक्षक भी उसी परिसर में रहता है।
यह विद्यालय (कक्षा 6-12) केंद्र सरकार द्वारा संचालित, पूर्णतः आवासीय सहशिक्षा संस्थान है, जो सीबीएसई से संबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी छात्रों को निःशुल्क शिक्षा, आवास और भोजन की सुविधा प्रदान करता है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


