बारीपदा, तीन जुलाई (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज ज़िले में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने कुछ लोगों को टक्कर मारी और फिर एक पलटी हुई गाड़ी से जा टकराया। इस हादसे में कम से कम दो मज़दूरों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी।
घायलों में ओडिया न्यूज़ चैनलों के तीन वीडियो पत्रकार भी शामिल हैं।
यह घटना बारीपदा टाउन पुलिस थाना क्षेत्र में पलाबानी बाईपास के पास उस वक्त हुई, जब लकड़ी के लट्ठे ले जा रही एक गाड़ी पलट गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब गाड़ी में सवार लोगों को बचाया जा रहा था और वीडियो पत्रकार हादसे की खबर कवर करने के लिए मौके पर पहुंचे, तभी लौह-अयस्क के कण ले जा रहा एक तेज़ रफ़्तार ट्रक भीड़ में घुस गया और उस गाड़ी से जा टकराया।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में कुल छह लोग घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए बारीपदा के पीआरएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, लकड़ी के लट्ठे ले जा रही गाड़ी से बचाए गए दो मज़दूरों की, बाद में हुए हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि उनकी पहचान शुंगडिया के एसके जलालुद्दीन और गोड्डीहार के मिहिर माइती के तौर पर हुई है। दोनों बारीपदा के ही रहने वाले थे।
अधिकारी ने बताया कि घटना में तीन वीडियो पत्रकार – ललित बारिक (न्यूज़ सेवन), हरेकृष्ण पात्रा (अरगस) और रजत पटनायक (कलिंगा टीवी)- और एक अन्य मज़दूर घायल हो गए। इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
भाषा सुरेश अमित
अमित