ओडिशा : सतर्कता विभाग ने दो सरकारी अधिकारियों की संपत्तियों पर मारे छापे

ओडिशा : सतर्कता विभाग ने दो सरकारी अधिकारियों की संपत्तियों पर मारे छापे

Modified Date: September 29, 2026 / 01:02 pm IST
Published Date: September 29, 2026 1:02 pm IST

भुवनेश्वर, 29 सितंबर (भाषा) ओडिशा में सतर्कता विभाग ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति (डीए) रखने के आरोप में दो सरकारी अधिकारियों की संपत्तियों पर मंगलवार को छापेमारी शुरू की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सतर्कता अधिकारियों ने संभलपुर में कारखाना एवं बॉयलर विभाग के सहायक निदेशक उमाकांत सामंतराय और जाजपुर जिले के बड़चणा प्रखंड में तैनात सहायक अभियंता (एई) बंदिता दास की संपत्तियों की तलाशी शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि संभलपुर के विशेष न्यायाधीश (सतर्कता) द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर आठ डीएसपी, 11 निरीक्षक, 11 एएसआई और अन्य सहायक कर्मचारियों की टीम ने संभलपुर, भुवनेश्वर, पुरी और खुर्दा में सात स्थानों पर तलाशी ली।

सतर्कता अधिकारी ने बताया कि दास और उनके सहयोगी सोमोनाथ सेठी को सोमवार को एक व्यक्ति से सुरक्षा जमा राशि जारी करने और लंबित बिलों को मंजूरी देने के एवज में 35,000 रुपये रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में पकड़ा गया था।

उन्होंने बताया कि कटक स्थित दास के आवास की तलाशी के दौरान सतर्कता विभाग ने 5.15 लाख रुपये नकद बरामद किए। मामले में आगे जांच जारी है।

इस बीच, विभाग ने मल्कानगिरि की जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) से संबद्ध मथिली प्रखंड में तैनात सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) शिशिर कुमार दास को आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

अधिकारी ने बताया कि सोमवार को की गई छापेमारी में एईई के पास दो बहुमंजिला इमारतें, छह कीमती भूखंड, 82 लाख रुपये की जमा राशि और एक चार-पहिया वाहन समेत ऐसी संपत्तियां मिलीं, जिनका वह संतोषजनक हिसाब नहीं दे सके।

इस संबंध में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत ब्रह्मपुर सतर्कता थाने में अभियंता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में