ओडिशा : गांजा तस्करों से संबंध के आरोप में महिला पुलिस निरीक्षक निलंबित
ओडिशा : गांजा तस्करों से संबंध के आरोप में महिला पुलिस निरीक्षक निलंबित
भुवनेश्वर, 21 जुलाई (भाषा) ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई. बी. खुरानिया ने गांजा तस्करों से संबंधों के आरोप में बौध जिले की एक महिला पुलिस निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया, ‘‘बौध जिले के मानमुंडा थाने की पूर्व प्रभारी निरीक्षक (आईआईसी) तथा वर्तमान में जिले में तैनात पुलिस निरीक्षक सुष्मिता मागर के खिलाफ गंभीर कदाचार और कर्तव्य में लापरवाही के आरोपों को लेकर विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।’’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मानमुंडा थाने की प्रभारी निरीक्षक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान सुष्मिता मागर पर गांजा तस्करों के साथ सांठगांठ रखने के आरोप लगे थे।
उन्होंने बताया कि आरोप सामने आने के बाद महिला पुलिस निरीक्षक का तबादला बौध जिला पुलिस कार्यालय कर दिया गया था। अब डीजीपी ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
आदेश के अनुसार, निलंबन की अवधि के दौरान महिला पुलिस अधिकारी प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक रूप से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), दक्षिणी रेंज, ब्रह्मपुर के अधीन कार्य करेंगी।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


