ओडिशा के तटीय जिलों को आपदा में भी टिके रहने वाले बुनियादी ढांचे की जरूरत: केंद्रीय दल

Ads

ओडिशा के तटीय जिलों को आपदा में भी टिके रहने वाले बुनियादी ढांचे की जरूरत: केंद्रीय दल

  •  
  • Publish Date - June 8, 2021 / 07:14 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:10 PM IST

भुवनेश्वर, आठ जून (भाषा) चक्रवात यास के कारण प्रभावित इलाकों का दौरा करने ओडिशा पहुंचे केंद्रीय दल ने राज्य के तटीय जिलों में आपदा में भी टिके रहने वाले बुनियादी ढांचे विकसित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सात सदस्यीय दल का नेतृत्व कर रहे गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव सुनील कुमार बर्णवाल ने मंगलवार को यहां राज्य के मुख्य सचिव एस सी महापात्र और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

केंद्रीय दल ने सोमवार से ओडिशा के चक्रवात प्रभावित बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, मयूरभंज और जगतसिंहपुर जिलों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया।

मुख्य सचिव कार्यालय ने एक बयान में बर्णवाल के हवाले से कहा, ” ओडिशा के तटीय जिलों में आपदा को झेल पाने वाली सड़कों एवं विद्युत संबंधी बुनियादी ढांचों की आवश्यकता है।”

बयान के मुताबिक, केंद्रीय दल ने आपदा प्रबंधन और प्रतिक्रिया कौशल की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार की सराहना की, जिसके चलते कई लोगों का जीवन बचाया जा सका।

चक्रवात यास 26 मई को ओडिशा के भंडारा तट से टकराया था, जिसके चलते तीन लोगों की जान गई। इस चक्रवात के कारण मकानों और खेतों को नुकसान पहुंचा।

भाषा शफीक सिम्मी

सिम्मी