ओडिशा के केंद्रपाड़ा में प्रसाद के अंदर मरा हुआ सांप मिलने के बाद मचा हड़कंप

Ads

ओडिशा के केंद्रपाड़ा में प्रसाद के अंदर मरा हुआ सांप मिलने के बाद मचा हड़कंप

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 08:54 PM IST

केंद्रापाड़ा, 19 मार्च (भाषा) ओडिशा के केंद्रापाड़ा जिले में एक धार्मिक कार्यक्रम में बांटे गए प्रसाद में कथित तौर पर एक मरा हुआ सांप मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

घटना नुआगांव में पट्टामुंडई नगरपालिका के वार्ड-10 में बुधवार रात हुई।

करीब 1,000 श्रद्धालु इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे और इसके अंत में सब्जियों और दाल से बना व्यंजन ‘दलमा’ प्रसाद के रूप में परोसा गया था।

भोजन परोसते समय आयोजकों को उसमें एक मरा हुआ सांप मिला, जिससे सनसनी फैल गई। हालांकि तब तक लगभग 700 लोग यह प्रसाद खा चुके थे।

जैसे ही प्रसाद में मरा हुआ सांप मिलने की खबर फैली, उसे खा चुके लोग पट्टामुंडई उप-जिला अस्पताल पहुंच गए।

अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी निराकर परिदा ने कहा, “हमने सभी की जांच की, लेकिन भोजन विषाक्तता के कोई लक्षण नहीं मिले। हमने कहा है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।”

उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर बृहस्पतिवार सुबह एक मेडिकल टीम को यह देखने के लिए इलाके में भेजा गया कि कोई बीमार तो नहीं हुआ, लेकिन प्रसाद खाने वाले किसी भी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण नहीं मिले।

भाषा जोहेब माधव

माधव