उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में जलभराव के बाद ‘स्मार्ट सिटी परियोजना’ पर उठाए सवाल

Ads

उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में जलभराव के बाद 'स्मार्ट सिटी परियोजना' पर उठाए सवाल

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 08:57 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 08:57 PM IST

श्रीनगर, 21 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बारिश के बाद श्रीनगर के सिविल सचिवालय सहित कई इलाकों में जलभराव होने पर मंगलवार को कहा कि ‘श्रीनगर स्मार्ट सिटी परियोजना’ की जांच कराई जाएगी।

उन्होंने शहर में जलभराव की स्थिति के लिए लचर जल निकासी प्रणाली को जिम्मेदार ठहराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिपरिषद पहले ही इस पूरी परियोजना का किसी निष्पक्ष और स्वतंत्र एजेंसी से ऑडिट कराने का फैसला कर चुकी है।

अब्दुल्ला ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सोमवार को सिविल सचिवालय के भूतल में जलजमाव की स्थिति ‘शर्मनाक’ थी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई सामान्य घटना नहीं है। एक बार मौसम में सुधार हो जाए, उसके बाद हम इसकी जांच कराएंगे और फिर उचित कदम उठाएंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से, आपको उन लोगों से यह सवाल पूछने का मौका नहीं मिलता जो इसके असली जवाबदेह हैं। जिन लोगों ने स्मार्ट सिटी परियोजना को यहां लागू किया और जिनसे हमें लगभग दस प्रतिशत बचा हुआ काम पूरा करने को मिला, उनसे यह पूछा जाना चाहिए कि झेलम नदी तट परियोजना को छोड़कर स्मार्ट सिटी का बाकी पैसा आखिर कहां खर्च हुआ?’’

उन्होंने कहा कि बारिश के कारण जिन लोगों को नुकसान हुआ है, उनके नुकसान का आकलन करने के बाद नियमों के अनुसार मुआवज़ा दिया जाएगा।

भाषा सुमित धीरज

धीरज