उमर अब्दुल्ला ने केरल के नाम में बदलाव को मंजूरी मिलने पर पश्चिम बंगाल की ऐसी ही मांग का समर्थन किया

Ads

उमर अब्दुल्ला ने केरल के नाम में बदलाव को मंजूरी मिलने पर पश्चिम बंगाल की ऐसी ही मांग का समर्थन किया

  •  
  • Publish Date - February 25, 2026 / 03:36 PM IST,
    Updated On - February 25, 2026 / 03:36 PM IST

श्रीनगर, 25 फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि केंद्र को पश्चिम बंगाल सरकार की राज्य का नाम बदलने की मांग को स्वीकार कर लेना चाहिए, क्योंकि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केरल के लिए इसी तरह के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को केरल का नाम बदलकर केरलम करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस मंजूरी के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बात पर असंतोष जताया कि उनके राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव लंबे समय से केंद्र के पास लंबित है जबकि केरल का नाम बदल दिया गया है।

अब्दुल्ला ने यहां एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘अन्य राज्यों ने भी नाम बदलने का प्रस्ताव रखा है। अगर पश्चिम बंगाल विधानसभा राज्य का नाम बदलना चाहती है, तो केंद्र को इस मांग को स्वीकार करना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर भविष्य में जम्मू-कश्मीर विधानसभा से भी ऐसा ही प्रस्ताव आता है, तो केंद्र को उस पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए।’’

मुख्यमंत्री ने कश्मीर की अपनी पहली यात्रा पर आ रहे उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन का स्वागत किया। उपराष्ट्रपति बृहस्पतिवार को कश्मीर विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

अब्दुल्ला ने कहा,“वह दीक्षांत समारोह में शामिल होने आज शाम आ रहे हैं। विद्यार्थी उनसे अपनी डिग्रियां और पदक प्राप्त करने के लिए उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली यात्रा है और हम उनका स्वागत करते हैं।’’

इससे पहले दिन में, मुख्यमंत्री ने रैनावारी चौक पर ‘बाब-उल-सुल्तान-उल-आरिफीन’ सुलेख द्वार की आधारशिला रखी।

भाषा

राजकुमार संतोष

संतोष