जम्मू में भारी बारिश के बीच उमर अब्दुल्ला दिल्ली से लौटेंगे
जम्मू में भारी बारिश के बीच उमर अब्दुल्ला दिल्ली से लौटेंगे
जम्मू, 19 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि जम्मू संभाग के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बिगड़ते हालात के मद्देनजर वह दिल्ली में अपना प्रवास बीच में ही समाप्त कर रविवार दोपहर जम्मू लौटेंगे।
जम्मू संभाग के कई क्षेत्रों, विशेषकर राजौरी में भारी बारिश हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से राजौरी शहर प्रभावित हुआ, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि वह स्वयं मौके पर जाकर स्थिति की निगरानी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मौसम विभाग की चेतावनी और जम्मू संभाग के विभिन्न हिस्सों में पैदा हुई गंभीर स्थिति को देखते हुए मैं आज दोपहर दिल्ली से जम्मू लौट रहा हूं ताकि मौके पर स्थिति की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर सकूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज सुबह से ही मैं जम्मू के कुछ हिस्सों, विशेषकर राजौरी शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अत्यधिक बारिश से उत्पन्न स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हूं। मैं क्षेत्र के स्थानीय विधायकों के संपर्क में हूं। हालात तेजी से बदल रहे हैं, लेकिन प्रशासन की पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। बारिश और अचानक आई बाढ़ से जिन लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, उनकी सहायता और राहत के लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी।’’
अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर 20 जुलाई को दिल्ली में प्रस्तावित नेशनल कॉन्फ्रेंस का प्रदर्शन पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


