अमेरिकी राजदूत के समक्ष जम्मू-कश्मीर के आंतरिक मुद्दे नहीं उठाएंगे उमर अब्दुल्ला

अमेरिकी राजदूत के समक्ष जम्मू-कश्मीर के आंतरिक मुद्दे नहीं उठाएंगे उमर अब्दुल्ला

अमेरिकी राजदूत के समक्ष जम्मू-कश्मीर के आंतरिक मुद्दे नहीं उठाएंगे उमर अब्दुल्ला
Modified Date: August 19, 2026 / 03:34 pm IST
Published Date: August 19, 2026 3:34 pm IST

श्रीनगर, 19 अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि वह अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से क्षेत्र की स्थिति के बारे में चर्चा करेंगे लेकिन उन्होंने आंतरिक मुद्दों को उठाने से इनकार करते हुए कहा कि इन मुद्दों को केवल केंद्र सरकार ही हल कर सकती है।

मुख्यमंत्री अब्दुल्ला, केंद्र सरकार से जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा पूरा करने की मांग कर रहे हैं।

अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा, ”बहुत लंबे समय बाद कोई अमेरिकी राजदूत जम्मू-कश्मीर का दौरा कर रहा है। व्यक्तिगत रूप से, मुझे भी किसी अमेरिकी राजदूत से मिले हुए काफी समय हो गया है। उन्हें आने दीजिए, हम बैठकर बात करेंगे।”

मुख्यमंत्री ने हालांकि कहा कि वह राजदूत की बात सुनना अधिक पसंद करेंगे, और ‘‘वह (गोर) भी सुनने के लिए आ रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ”देखते हैं कि आज जब वह मिलने आएंगे तो किस तरह की बातचीत होती है।”

अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की समस्याओं का समाधान अमेरिका से नहीं होगा, बल्कि इनका समाधान केंद्र सरकार ही कर सकती है।

उन्होंने कहा, ”किसी दूसरे देश के राजदूत के समक्ष अपने देश की शिकायत करना मेरी आदत कभी नहीं रही है। हमारी समस्याओं का समाधान वाशिंगटन से नहीं होगा; हमारी समस्याओं का समाधान केंद्र सरकार के पास है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मुझे लगता है कि किसी दूसरे देश के राजदूत के समक्ष अपने देश की शिकायत करना उचित नहीं होगा। यह मेरी आदत नहीं है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह निश्चित रूप से जम्मू-कश्मीर और ‘‘मौजूदा स्थिति’’ पर चर्चा करेंगे, लेकिन न तो शिकायत करेंगे और न ही अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उनसे आग्रह करेंगे।

अब्दुल्ला मांग कर रहे हैं कि केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का अपना वादा पूरा करे।

भाषा

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में