उत्तर-पश्चिम दिल्ली में हनुमान जयंती के अवसर पर पुलिस ने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को और सख्त किया
उत्तर-पश्चिम दिल्ली में हनुमान जयंती के अवसर पर पुलिस ने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को और सख्त किया
नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि दो अप्रैल को हनुमान जयंती समारोह से पहले उत्तर-पश्चिम दिल्ली में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे, जिसमें जहांगीरपुरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, उत्सव के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एक बहुस्तरीय सुरक्षा योजना लागू की गई है, विशेष रूप से जहांगीरपुरी में, जहां अतीत में इसी तरह के अवसरों के दौरान तनाव देखा गया था।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षा और यातायात संबंधी पहलुओं के विस्तृत मूल्यांकन के बाद सभी शोभा यात्रा एक निर्धारित और विनियमित मार्ग पर निकाली जाएगी।
बयान के अनुसार, यह मार्ग जहांगीरपुरी में दिल्ली जल बोर्ड डीडीए फ्लैट्स के पास से शुरू होगा और महिंद्रा पार्क, एमएलए रोड, मंगल बाजार चौक और आदर्श नगर सहित प्रमुख रास्तों से गुजरते हुए साईं मंदिर के पास समाप्त होगा।
इसमें कहा गया है कि यात्रा एक निश्चित समय सीमा के भीतर और पुलिस की सख्त निगरानी में निकाली जाएगी।
अधिकारियों ने यात्रा में शिरकत करने वालों की अधिकतम 500 लोगों तक सीमित कर दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई शर्तें लागू की गई हैं।
बयान में कहा गया कि यात्रा में किसी भी प्रकार का हथियार, आग्नेयास्त्र, लाठी या कोई भी खतरनाक वस्तु को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।
इसमें कहा गया है कि पुलिस ने भड़काऊ नारों, भाषणों या ऐसी गतिविधियों पर भी रोक लगा दी है जिससे सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता है।
इसमें कहा गया है कि जुलूस में किसी भी जानवर या अनधिकृत ढांचे की अनुमति नहीं होगी और लाउडस्पीकर का उपयोग केवल निर्धारित मानदंडों और अनुमत समय के अनुसार ही किया जा सकता है।
पुलिस ने कहा कि निगरानी बढ़ाने के लिए, स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन तथा स्थानीय खुफिया जानकारी का उपयोग करके वास्तविक समय में निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि बैरिकेड्स लगाए जाएंगे और प्रमुख स्थानों पर रणनीतिक चौकियां स्थापित की जाएंगी, साथ ही संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज की जाएगी। पड़ोसी थानों के कर्मियों सहित पर्याप्त बल तैनात किया जाएगा, जबकि वरिष्ठ अधिकारी स्थिति की निगरानी के लिए मौके पर मौजूद रहेंगे।
वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने और जनता को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए मार्ग परिवर्तन योजना भी लागू की गई है।
भाषा नोमान
नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


