सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ हुई लूट की घटना में एक आरोपी गिरफ्तार
सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ हुई लूट की घटना में एक आरोपी गिरफ्तार
देहरादून (उत्तराखंड), 13 मई (भाषा) देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में पांच मई को छीनाझपटी के दौरान एक पुल से गिरे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर से कथित तौर पर लूटपाट करने को लेकर 20 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी ।
उसने बताया कि शुरू में माना जा रहा था कि सहस्त्रधारा रोड स्थित एक आईटी कंपनी में इंजीनियर आकाश कुमार को पुल से धक्का दिया गया था लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि छीनाझपटी के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह पुल से गिर गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मृदुल गुरुंग गढ़ी कैंट क्षेत्र का रहने वाला है तथा उसके पास से 60 हजार रुपये का चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आधी रात करीब सवा दो बजे जब आकाश अपनी डयूटी खत्म करने के बाद घर जाने के लिए सहस्त्रधारा रोड क्रॉसिंग पर रेपिडो वाहन का इंतजार कर रहा था तभी एक स्कूटर से दो युवक उसके पास पहुंचे ।
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि दोनों युवकों ने उसे घर छोड़ने के बहाने से अपने साथ बैठाया और जामुनवाला में निर्माणाधीन पुल पर ले गए ।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपियों ने आकाश से उसके मोबाइल फोन मांगे और जब उसने इससे इनकार किया तो हाथापाई शुरू हो गयी।
उन्होंने बताया कि इस बीच आकश का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से गिर गया तथा आरोपी उसके दो फोन और 600 रुपये नकद लेकर फरार हो गए ।
आकाश को घटना में रीढ़ की हडडी में गंभीर चोटें आयीं और उसका दून अस्पताल में उपचार चल रहा है ।
पुलिस का कहना है कि संदिग्ध आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये तथा लूटे गए फोनों में से एक फोन को बेचने के प्रयास में आरोपी गुरूंग को पकड़ा गया ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी एक नशेड़ी है और नशे की लत के चक्कर में ही उसने अपने साथी के साथ मिलकर लूट को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि गुरूंग के एक अन्य साथी, अस्मित थापा की तलाश की जा रही है ।
भाषा दीप्ति राजकुमार
राजकुमार

Facebook


