सीकर (राजस्थान), आठ नवंबर (भाषा) जिले के फतेहपुर कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को एक एसयूवी कार ने वैन को टक्कर मार दी। दुर्घटना में वैन में सवार दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि जयपुर-बीकानेर राजमार्ग पर तेज रफ्तार एसयूवी ने वैन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वैन में सवार दो महिलाओं और सात महीने के बच्चे की मौत हो गई। हादसे में चालक सहित आठ अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एसयूवी चालक मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि सभी घायलों को राजकीय धानुका अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने हसन बानो (60), मंजू देवी (60) और सात माह के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अन्य आठ लोग उपचाराधीन हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं कुंज अर्पणा
अर्पणा